वाच्य व वाच्य परिवर्तन (vachya aur vachyaparivartan)
वाच्य और वाच्य परिवर्तन (Vachya aur Vachyaparivartan) को यहाँ सरल नोट्स और उदाहरणों के साथ विस्तार से समझाया गया है।
अर्थ एवं परिभाषा
हिन्दी व्याकरण में ‘वाच्य’ का मतलब है ‘बोलने का विषय’। इससे यह पता चलता है कि किसी वाक्य में क्रिया (Verb) किसके अनुसार चल रही है – कर्ता (Subject), कर्म (Object) या भाव (Emotion/Action) के अनुसार। क्रिया के रूप को देखकर हम यह पहचान सकते हैं कि वाक्य में किसकी प्रधानता है।
(Download 10 Hindi paper in word format – Click Here)
(Download वाच्य बहुविकल्पीय word File – Click Here)
(Download रचना के आधार पर वाक्य वस्तुनिष्ठ प्रश्न – Click Here)
वाच्य के मुख्य तीन भेद होते हैं:
- कर्तृवाच्य (Active Voice)
- जब वाक्य में ‘कर्ता’ (काम करने वाला) मुख्य होता है, तो उसे कर्तृवाच्य कहते हैं। इसमें क्रिया का लिंग और वचन, कर्ता के अनुसार ही होता है।
- सरल पहचान: काम करने वाला (कर्ता) ही वाक्य में सबसे महत्वपूर्ण होता है।
-  उदाहरण:
- राघव खाता है। (यहाँ क्रिया ‘खाता है’ कर्ता ‘राघव’ के अनुसार है)।
- नीना खेलती है। (यहाँ क्रिया ‘खेलती है’ कर्ता ‘नीना’ के अनुसार है)।
 
 
- कर्मवाच्य (Passive Voice)
- जब वाक्य में ‘कर्म’ (जिस पर काम का असर हो) मुख्य होता है, तो उसे कर्मवाच्य कहते हैं। इसमें क्रिया का लिंग और वचन, कर्म के अनुसार बदलता है।
- सरल पहचान: कर्ता के बाद ‘से’ या ‘के द्वारा’ लगा होता है और क्रिया का रूप कर्म पर निर्भर करता है।
-  उदाहरण:
- कलाकार द्वारा मूर्ति गढ़ी जाती है। (यहाँ क्रिया ‘गढ़ी जाती है’ कर्म ‘मूर्ति’ (स्त्रीलिंग) के अनुसार है)।
- मुझसे पत्र लिखा गया। (यहाँ क्रिया ‘लिखा गया’ कर्म ‘पत्र’ (पुल्लिंग) के अनुसार है)।
 
 
- भाववाच्य (Impersonal Voice)
- जब वाक्य में न तो कर्ता और न ही कर्म, बल्कि क्रिया का ‘भाव’ (अर्थ) ही मुख्य होता है, तो उसे भाववाच्य कहते हैं। इसमें क्रिया हमेशा एकवचन, पुल्लिंग और अन्य पुरुष में रहती है।
- सरल पहचान: इसमें ज़्यादातर असमर्थता या सुझाव का भाव होता है और क्रिया अकर्मक होती है।
-  उदाहरण:
- राघव से बैठा नहीं जाता। (यहाँ बैठने की असमर्थता का भाव है)।
- चलो, अब चला जाए। (यहाँ चलने का सुझाव दिया जा रहा है)।
 
 
(Download पदबंध वस्तुनिष्ठ प्रश्न – Click Here)
(Download समास वस्तुनिष्ठ प्रश्न – Click Here)
वाच्य परिवर्तन: वाच्य कैसे बदलें?
वाक्य में कर्ता, कर्म या भाव की प्रधानता के अनुसार क्रिया का रूप बदलना ही ‘वाच्य परिवर्तन’ कहलाता है। कुछ आसान नियमों का पालन करके एक वाच्य को दूसरे में बदला जा सकता है।
- कर्तृवाच्य से कर्मवाच्य बनाना (Active से Passive बनाना) इसका मुख्य उद्देश्य वाक्य में कर्म (Object) को प्रधान बनाना होता है।
- नियम:
- सबसे पहले कर्ता (Subject) के साथ ‘से’ या ‘के द्वारा’ जोड़िए।
- मुख्य क्रिया को सामान्य भूतकाल (Simple Past Tense) में बदलिए।
- उस बदली हुई क्रिया के साथ वाक्य के काल (Tense) के अनुसार ‘जाना’ क्रिया का सही रूप जोड़ दें।
- अब क्रिया का नया रूप कर्म (Object) के लिंग और वचन के अनुसार होगा।
- यदि कर्म के साथ कोई विभक्ति (जैसे- को) लगी है तो उसे हटा दें।
 
- उदाहरण से समझें:
- कर्तृवाच्य: कलाकार मूर्ति गढ़ता है।
- परिवर्तन:
- कर्ता ‘कलाकार’ के साथ ‘द्वारा’ जोड़ा -> कलाकार द्वारा
- कर्म ‘मूर्ति’ (स्त्रीलिंग, एकवचन) है।
- क्रिया ‘गढ़ता है’ को भूतकाल ‘गढ़ा’ और ‘जाना’ क्रिया का वर्तमान काल रूप ‘जाती है’ (मूर्ति के अनुसार) में बदला -> गढ़ी जाती है।
 
- कर्मवाच्य: कलाकार द्वारा मूर्ति गढ़ी जाती है।
 
 
- नियम:
कुछ प्रमुख उदाहरण निम्नलिखित हैं-
| कर्तृवाच्य | कर्मवाच्य | 
| 1. मैंने पत्र लिखा | मुझसे पत्र लिखा गया। | 
| 2. वह दिन में दूध पीता है | उसके द्वारा दिन में दूध पिया जाता है। | 
| 3. मैं कविता पढ़ सकता हूँ। | मुझसे कविता पढ़ी जा सकती है। | 
| 4. लड़का पत्र लिखता है | लड़के द्वारा पत्र लिखा जाता है। | 
| 5. करीम पतंग उड़ा रहा है | करीम द्वारा पतंग उड़ाई जा रही है। | 
| 6. नानी कहानी सुनाएगी | नानी द्वारा कहानी सुनाई जाएगी। | 
| 7. सीमा चित्र बनाती है | सीमा द्वारा चित्र बनाया जाता है। | 
| 8. माला ने खाना बनाया। | माला द्वारा खाना बनाया गया। | 
| 9. लता मधुर गीत गाती है। | लता द्वारा मधुर गीत गाया जाता है। | 
| 10. कलाकार मूर्ति गढ़ता है। | कलाकार द्वारा मूर्ति गढ़ी जाती है। | 
- कर्तृवाच्य से भाववाच्य बनाना (Active से Impersonal बनाना) इसका मुख्य उद्देश्य वाक्य में क्रिया के भाव को प्रधान बनाना होता है। यह हमेशा अकर्मक क्रिया (Intransitive Verb) के साथ होता है।
- नियम:
- कर्ता के साथ ‘से’ अथवा ‘के द्वारा’ लगाएँ।
- मुख्य क्रिया को सामान्य भूतकाल के एकवचन में बदलें।
- क्रिया हमेशा
- एकवचन, पुल्लिंग और अन्य पुरुष में रहेगी।
- क्रिया के साथ ‘जाना’ धातु का सही रूप (काल के अनुसार) जोड़ें।
 
 
- उदाहरण से समझें:
- कर्तृवाच्य: हिरण दौड़ता है।
 
- परिवर्तन:
- कर्ता ‘हिरण’ के साथ ‘से’ जोड़ा -> हिरण से
- क्रिया ‘दौड़ता है’ को बदला -> दौड़ा जाता है (एकवचन, पुल्लिंग)।
 
- भाववाच्य: हिरण से दौड़ा जाता है।
 
- नियम:
कुछ प्रमुख उदाहरण निम्नलिखित हैं-
| कर्तृवाच्य | भाववाच्य | 
| 1. हिरण दौड़ता है | हिरण से दौड़ा जाता है। | 
| 2. रमेश नहाया। | रमेश से नहाया गया। | 
| 3. पक्षी आकाश में उड़ता है। | पक्षी द्वारा आकाश में उड़ा जाता है। | 
| 4. मैं उठ नहीं सकता। | मुझसे उठा नहीं जा सकता। | 
| 5. लड़का तैरता है | लड़के से तैरा जाता है। | 
| 6. हम रोज नहाते हैं। | हमसे रोज नहाया जाता है। | 
| 7. राधा गीत न गा सकी | राधा द्वारा गीत न गाया जा सका। | 
| 8. लड़की आँगन में सो रही है। | लड़की से आँगन में सोया जा रहा है। | 
| 9. मैं अब नहीं चल पाता। | मुझसे अब नहीं चला जाता। | 
| 10. सास लड़ नहीं सकी। | सास से लड़ा नहीं जा सका। | 
- कर्मवाच्य / भाववाच्य से कर्तृवाच्य बनाना (Passive / Impersonal से Active बनाना) यह ऊपर दिए गए नियमों की उल्टी प्रक्रिया है। इसका उद्देश्य कर्ता (Subject) को फिर से प्रधान बनाना है।
- नियम:
- सबसे पहले कर्ता को पहचानें और उसके साथ लगे ‘से’ या ‘के द्वारा’ को हटा दें।
- वाक्य के काल (Tense) के अनुसार क्रिया का रूप बदलें ताकि वह सीधे कर्ता के लिंग और वचन के अनुसार हो।
- यदि आवश्यक हो तो कर्ता के साथ ‘ने’ जैसी विभक्ति लगाएँ।
 
- उदाहरण से समझें:
- कर्मवाच्य: छात्रों द्वारा पत्र लिखा जाता है।
 
- परिवर्तन:
- कर्ता ‘छात्रों’ से ‘द्वारा’ हटाया -> छात्र
- क्रिया ‘लिखा जाता है’ को कर्ता ‘छात्र’ (बहुवचन) के अनुसार बदला -> लिखते हैं।
- कर्तृवाच्य: छात्र पत्र लिखते हैं।
 
 
- नियम:
कुछ प्रमुख उदाहरण निम्नलिखित हैं-
| भाववाच्य / कर्मवाच्य | कर्तृवाच्य | 
| 1. रीमा से पुस्तक पढ़ी जा रही है। | रीमा पुस्तक पढ़ती है। | 
| 2. छात्रों द्वारा पत्र लिखा जाता है। | छात्र पत्र लिखते हैं। | 
| 3. लड़की से रात भर सोया नहीं जा सका। | लड़की रात भर सो न सकी। | 
| 4. पत्र नहीं लिखा गया मुझसे | मैंने पत्र नहीं लिखा। | 
| 5. आज घूमने चला जाए | आज घूमने चलें। | 
| 6. लड़कों द्वारा हँसा नहीं जाता। | लड़के नहीं हँसते। | 
| 7. नानी द्वारा सभी को कहानी सुनाई जाती है। | नानी सभी को कहानी सुनाती है। | 
| 8. वेदव्यास द्वारा महाभारत लिखा गया। | वेदव्यास ने महाभारत लिखा। | 
| 9. सीता द्वारा पुस्तक पढ़ी जाती है। | सीता पुस्तक पढ़ती है। | 
| 10. गायों द्वारा हरी घास चरी जा रही है। | गाय हरी घास चर रही हैं। | 
वस्तुनिष्ठ प्रश्न
1. वाच्य है-
(क) क्रिया का एक रूप
(ख) संज्ञा का एक रूप
(ग) विशेषण का एक रूप
(घ) सर्वनाम का एक रूप
उत्तर : (क) क्रिया का एक रूप
 
2. भाववाच्य में वक्ता का वाच्य-बिन्दु ………………… से प्रकट होता है और इसमें ………क्रिया का प्रयोग होता है।
(क) क्रिया, अकर्मक
(ख) कर्म, सकर्मक
(ग) क्रिया, सकर्मक
(घ) कर्म, अकर्मक
उत्तर : (क) क्रिया, अकर्मक।
 
3. ………………… में कर्ता की प्रधानता होती है। वाक्य में रिक्त स्थान के लिए उचित वाच्य भेद होगा-
(क) कर्मवाच्य
(ख) भाववाच्य
(ग) कर्तृवाच्य
(घ) इनमें से कोई नहीं
उत्तर : (ग) कर्तृवाच्य
 
4. क्रिया के जिस रूप से वाक्य में कर्ता, कर्म या भाव की प्रधानता का पता चलता है, उसे कहते हैं-
(क) पद
(ख) वाच्य
(ग) वाक्य
(घ) पदबंध
उत्तर : (ख) वाच्य
 
5. वाच्य के भेद हैं-
(क) दो
(ख) पाँच
(ग) तीन
(घ) चार
उत्तर : (ग) तीन
 
6. वाच्य का भेद नहीं है-
(क) कर्मवाच्य
(ख) कर्तृवाच्य
(ग) भाववाच्य
(घ) क्रियावाच्य
उत्तर : (घ) क्रियावाच्य
 
7. कर्तृवाच्य में प्रधानता होती है-
(क) कर्ता की
(ख) भाव की
(ग) क्रिया की
(घ) कर्म की
उत्तर : (क) कर्ता की
 
8. क्रिया का लिंग, वचन, पुरुष कर्म के अनुसार होने पर वाच्य होता है-
(क) पूर्णवाच्य
(ख) भाववाच्य
(ग) कर्मवाच्य
(घ) कर्तृवाच्य
उत्तर : (ग) कर्मवाच्य
 
9. जब वाक्य में भाव की प्रधानता होती है, तब वाच्य होता है-
(क) कर्तृवाच्य
(ख) भाववाच्य
(ग) कर्मवाच्य
(घ) इनमें से कोई नहीं
उत्तर : (ख) भाववाच्य
 
10. वाच्य के विषय में कौन-सी बात सही नहीं है-
(क) भाववाच्य की क्रिया अकर्मक, अन्य पुरुष, पुल्लिंग, एकवचन होती है।
(ख) कर्मवाच्य में क्रिया सदैव सकर्मक होती है।
(ग) कर्तृवाच्य में अकर्मक-सकर्मक दोनों क्रियाओं का प्रयोग होता है।
(घ) वाच्य कभी परिवर्तित नहीं होता।
उत्तर : (घ) वाच्य कभी परिवर्तित नहीं होता।
 
11. कर्मवाच्य का प्रयोग नहीं होता-
(क) जहाँ अशक्तता या असमर्थता बताई जाती है।
(ख) जहाँ कर्ता अज्ञात होता है।
(ग) जहाँ इच्छा, सहमति, अनुमति प्राप्त की जाती है।
(घ) जहाँ उद्देश्य कर्ता को प्रकट न करने का होता है।
उत्तर : (ग) जहाँ इच्छा, सहमति, अनुमति प्राप्त की जाती है।
 
12. कर्म की प्रधानता होती है-
(क) कर्मवाच्य में
(ख) कर्तृवाच्य में
(ग) भाववाच्य में
(घ) इनमें से कोई नहीं
उत्तर : (क) कर्मवाच्य में
 
13. वाच्य का संबंध है-
(क) कर्ता के रूप से
(ख) क्रिया के रूप से
(ग) कर्म के रूप से
(घ) काल के रूप से
उत्तर : (ख) क्रिया के रूप से
 
14. अकर्मक-सकर्मक दोनों प्रकार की क्रियाओं का प्रयोग होता है-
(क) भाववाच्य में
(ख) कर्तृवाच्य में
(ग) कर्मवाच्य में
(घ) सभी वाच्यों में
उत्तर : (ख) कर्तृवाच्य में
 
15. वाच्य के द्वारा पता चलता है।
(क) कर्म की प्रधानता का
(ख) भाव की प्रधानता का
(ग) कर्ता की प्रधानता का
(घ) कर्ता, कर्म और भाव की प्रधानता का
उत्तर : (घ) कर्ता, कर्म और भाव की प्रधानता का
 
16. भाववाच्य में क्रिया होती है-
(क) प्रेरणार्थक
(ख) विद्वकर्मक
(ग) सकर्मक
(घ) अकर्मक, अन्य पुरुष, पुल्लिंग, एकवचन
उत्तर : (घ) अकर्मक, अन्य पुरुष, पुल्लिंग, एकवचन
 
17. कर्मवाच्य के विषय में सही नहीं है-
(क) क्रिया सदैव सकर्मक होती है।
(ख) वाक्य में कर्म की प्रधानता होती है।
(ग) क्रिया का लिंग, वचन, पुरुष कर्म के अनुसार होता है।
(घ) कर्ता सदैव प्रथमा विभक्ति का होता है।
उत्तर : (घ) कर्ता सदैव प्रथमा विभक्ति का होता है।
 
18. भाववाच्य के प्रयोग स्थल के विषय में सत्य नहीं है-
(क) मूल कर्ता सामान्य होने और निषेध न होने पर।
(ख) निषेध, असमर्थता या विवशता प्रकट करने के लिए।
(ग) इच्छा, सहमति, अनुमति प्राप्त करने के लिए।
(घ) सरकारी या कानूनी आदेशों में।
उत्तर : (घ) सरकारी या कानूनी आदेशों में।
 
19. क्रिया का प्रयोग नहीं है-
(क) कर्मणि प्रयोग
(ख) भावे प्रयोग
(ग) कर्तरि प्रयोग
(घ) सर्वनाम्नि-प्रयोग
उत्तर : (घ) सर्वनाम्नि-प्रयोग
 
20. कर्तृवाच्य परिवर्तित हो सकता है-
(क) केवल भाववाच्य में
(ख) केवल कर्मवाच्य में
(ग) कर्म और भाव दोनों वाच्यों में
(घ) परिवर्तित नहीं होता
उत्तर : (ग) कर्म और भाव दोनों वाच्यों में
 
21. भाववाच्य के विषय में सही नहीं है-
(क) क्रिया सदैव अकर्मक होती है।
(ख) कर्ता में तृतीया विभक्ति होती है।
(ग) भाव की प्रधानता होती है।
(घ) कर्ता में प्रथमा विभक्ति होती है।
उत्तर : (घ) कर्ता में प्रथमा विभक्ति होती है।
 
22. निम्नलिखित वाक्य का वाच्य बताइए- गाँधी जी ने विश्व को शांति का संदेश दिया।
(क) कर्तृवाच्य
(ख) कर्मवाच्य
(ग) भाववाच्य
(घ) इनमें से कोई नहीं
उत्तर : (क) कर्तृवाच्य
 
23. निम्नलिखित वाक्यों में से कर्तृवाच्य वाला वाक्य छाँटिए-
(क) मुझसे गमला नहीं टूटा।
(ख) सुभाषचंद्र बोस ने राष्ट्र को बलिदान और त्याग का संदेश दिया।
(ग) हमसे इतने काम नहीं किए जाएँगे।
(घ) इनमें से कोई नहीं।
उत्तर : (ख) सुभाषचंद्र बोस ने राष्ट्र को बलिदान और त्याग का संदेश दिया।
 
24. निम्नलिखित वाक्यों से कर्तृवाच्य वाक्य बनाइए- मुझसे खत नहीं लिखा गया।
(क) मैंने खत नहीं लिखा।
(ख) मैंने खत नहीं लिखा था।
(ग) मैं खत नहीं लिखता।
(घ) मै खत नहीं लिख सकता।
उत्तर : (क) मैंने खत नहीं लिखा।
 
25. निम्नलिखित वाक्यों में से भाववाच्य वाला वाक्य छाँटिए-
(क) लड़कों के द्वारा तोड़फोड़ करवाई गई।
(ख) मालती ने खाना खाया।
(ग) लड़की से सोया नहीं गया।
(घ) इनमें से कोई नहीं
उत्तर : (ग) लड़की से सोया नहीं गया।
 
26. निम्नलिखित वाक्य से भाववाच्य वाक्य बनाइए- हम सर्दी में गर्म पानी से नहाते हैं।
(क) सर्दी में हमसे गर्म पानी से नहाया जाएगा।
(ख) सर्दी में हमसे गर्म पानी से नहाया जाता है।
(ग) सर्दी में हमसे गर्म पानी से नहाया जा रहा है।
(घ) सर्दी में हमसे गर्म पानी से नहाया जाता था।
उत्तर : (ख) सर्दी में हमसे गर्म पानी से नहाया जाता है।
 
27. निम्नलिखित वाक्यों में से कर्मवाच्य वाला वाक्य छाँटिए-
(क) रम्या सुबह नहीं उठ सकी।
(ख) अमिय द्वारा कहानी पढ़ी गई।
(ग) रीना चित्र बनाती है।
(घ) इनमें से कोई नहीं
उत्तर : (ख) अमिय द्वारा कहानी पढ़ी गई।
 
28. निम्नलिखित वाक्य से कर्मवाच्य बनाइए- मैं यह कविता नहीं पढ़ सकूँगा।
(क) मुझ द्वारा यह कविता नहीं पढ़ी जाएगी।
(ख) मुझ द्वारा इस कविता को नहीं पढ़ा जा सकेगा।
(ग) मुझसे यह कविता नहीं पढ़ी जा सकेगी।
(घ) मुझसे यह कविता नहीं पढ़ी जाएगी।
उत्तर : (ग) मुझसे यह कविता नहीं पढ़ी जा सकेगी।
 
29. ‘आपको सूचित किया जाता है।’ वाक्य में वाच्य है-
(क) कर्तृवाच्य
(ख) कर्मवाच्य
(ग) भाववाच्य
(घ) इनमें से कोई नहीं
उत्तर : (ख) कर्मवाच्य
 
30. मुझसे नहीं चला जाता। वाक्य में वाच्य है-
(क) कर्मवाच्य
(ख) भाववाच्य
(ग) कर्तृवाच्य
(घ) इनमें से कोई नहीं
उत्तर : (ख) भाववाच्य
 
31. आओ चला जाए। वाक्य में वाच्य है-
(क) कर्तृवाच्य
(ख) भाववाच्य
(ग) कर्मवाच्य
(घ) इनमें से कोई नहीं
उत्तर : (ख) भाववाच्य
 
32. निम्नलिखित वाक्यों में से कर्तृवाच्य वाला वाक्य है-
(क) बच्चों के द्वारा खाना खाया गया।
(ख) बच्चों से चला जा सकता है।
(ग) बच्चों ने खाना खाया।
(घ) बच्चों से भागा जा सकता है।
उत्तर : (ग) बच्चों ने खाना खाया।
 
33. निम्नलिखित वाक्यों में से कर्मवाच्य वाला वाक्य है-
(क) सिपाही ने भागते हुए चोर को पकड़ा।
(ख) मीनाक्षी के द्वारा सुंदर गीत गाया गया।
(ग) हमें महान लोगों को सदा याद करना चाहिए।
(घ) मेरा मित्र इस समस्या पर विचार कर समाधान निकाल ही लेगा।
उत्तर : (ख) मीनाक्षी के द्वारा सुंदर गीत गाया गया।
 
34. निम्नलिखित वाक्यों में से भाववाच्य वाला है-
(क) माँ द्वारा बच्चे को सुला दिया गया।
(ख) नौकरानी के द्वारा घर का सारा काम किया गया।
(ग) मैं यह कठिन काम नहीं कर सकूँगा।
(घ) लोगों से इस गरमी में चला नहीं जा सका।
उत्तर : (घ) लोगों से इस गरमी में चला नहीं जा सका।
 
35. निम्नलिखित वाक्यों में से कर्मवाच्य वाला वाक्य है-
(क) श्याम से रोटी को बिल्कुल नहीं खाया जाता।
(ख) रामचन्द्र जी ने सलता को त्याग दिया।
(ग) हिन्दुओं द्वारा रामायण पढ़ी जाती है।
(घ) कुलियों ने यात्रियों का सामान उठाया।
उत्तर : (ग) हिन्दुओं द्वारा रामायण पढ़ी जाती है।
 
36. निम्नलिखित वाक्यों में से भाववाच्य वाला वाक्य है-
(क) बच्चों के द्वारा खिलौन पसन्द किये जाते हैं।
(ख) अब और नहीं चला जा सकता।
(ग) श्याम बहुत लड़ता है।
(घ) नेताओं ने अपना चरित्र खो दिया गया है।
उत्तर : (ख) अब और नहीं चला जा सकता।
 
37. निम्नलिखित वाक्यों में से कर्तृवाच्य वाला वाक्य है-
(क) आयशा से कोई काम नहीं होता।
(ख) मैं थकान के कारण नहीं आ सका।
(ग) मुझसे इतनी गर्मी में दौड़ा नहीं जाता।
(घ) हम सबसे कल रात यही रुका जाएगा।
उत्तर : (क) आयशा से कोई काम नहीं होता।
 
38. आपको सूचित किया जाता है। वाक्य में वाच्य है-
(क) कर्तृवाच्य
(ख) कर्मवाच्य
(ग) भाववाच्य
(घ) इनमें से कोई नहीं
उत्तर : (ख) कर्मवाच्य
 
39. हम रातभर कैसे जागेंगे? वाक्य का भाववाच्य में परिवर्तित सही विकल्प होगा-
(क) हमसे रातभर कैसे जागा जाएगा?
(ख) रातभर जागेंगे हम कैसे?
(ग) हम रातभर किस प्रकार जागेंगे?
(घ) इनमें से कोई नहीं।
उत्तर : (क) हमसे रातभर कैसे जागा जाएगा?
 
40. निम्नलिखित में से कर्तृवाच्य का वाक्य होगा-
(क) संगीत सम्राट तानसेन कहे जाते हैं।
(ख) तानसेन संगीत सम्राट कहलाते हैं।
(ग) तानसेन संगीत सम्राट कहे जाते हैं।
(घ) संगीत सम्राट तानसेन कहलाये जाते हैं।
उत्तर : (ख) तानसेन संगीत सम्राट कहलाते हैं।उद्देश्य और विधेय के अंग हैं। 
 
 41. उनके द्वारा कैप्टन की देशभक्ति का सम्मान किया गया। वाक्य का कर्तृवाच्य में उचित रूप होगा-
(क) उनसे कैप्टन की देशभक्ति का सम्मान किया।
(ख) उनके द्वारा कैप्टन की देशभक्ति का सम्मान किया।
(ग) उन्होंने कैप्टन की देशभक्ति का सम्मान किया।
(घ) उन्होंने सम्मान किया कैप्टन की देशभक्ति का।
उत्तर : (ग) उन्होंने कैप्टन की देशभक्ति का सम्मान किया।
 
 42. माँ ने कविता को पढ़ाया। वाक्य का कर्मवाच्य में रूप होगा-
(क) माँ कविता को पढ़ाती हैं।
(ख) पढ़ाया माँ ने कविता को।
(ग) माँ द्वारा कविता को पढ़ाया गया।
(घ) कविता माँ द्वारा पढ़ती है।
उत्तर : (ग) माँ द्वारा कविता को पढ़ाया गया।
 
 43. उसके द्वारा नीतिवचन कहे गए। वाक्य का वाच्य भेद है-
(क) भाववाच्य
(ख) कर्तवाच्य
(ग) कर्मवाच्य
(घ) इनमें से कोई नहीं
उत्तर : (ग) कर्मवाच्य अनुराधा बहुत मधुर गीत गाती है। 
 
 44. वाक्य का कर्मवाच्य में रूप होगा-
(क) अनुराधा के द्वारा मधुर गीत गाया जाता है।
(ख) मधुर गीत गाया जाता है अनुराधा के द्वारा
(ग) अनुराधा ने मधुर गीत गाया।
(घ) गीत गाया मधुर अनुराधा ने
उत्तर : (क) अनुराधा के द्वारा मधुर गीत गाया जाता है। 
 
 45. मीरा द्वारा आज बहुत लम्बी कहानी सुनाई गई। वाक्य का कर्तृवाच्य में रूप होगा-
(क) मीरा ने आज बहुत लम्बी कहानी सुनाई।
(ख) लम्बी कहानी मीरा ने सुनाई।
(ग) लम्बी कहानी मीरा के द्वारा सुनाई गई।
(घ) मीरा ने बहुत लम्बी कहानी सुनाई गई।
उत्तर : (क) मीरा ने आज बहुत लम्बी कहानी सुनाई। 
 
46. सुनिता समझाने पर भी नहीं समझती। वाक्य का भाववाच्य में रूप होगा-
(क) नहीं समझा जाता सुनिता से
(ख) समझाने पर भी सुनिता से नहीं समझा गया।
(ग) सुनिता से समझाने पर भी नहीं समझा गया
(घ) नहीं समझती सुनिता
उत्तर : (ख) समझाने पर भी सुनिता से नहीं समझा गया। 
 
 47. मैं कल आपके लिए खिलौना लाऊँगा। वाक्य का कर्मवाच्य रूप होगा-
(क) खिलौना लाया कल मैं
(ख) मैं खिलौना लाऊँगा कल आपके लिए।
(ग) मेरे द्वारा कल आपके लिए खिलौना लाया जाएगा।
(घ) कल खिलौना लाया जाएगा मेरे द्वारा।
उत्तर : (ग) मेरे द्वारा कल आपके लिए खिलौना लाया जाएगा। 
 
48. फुरसत में मैं खूब रियाज़ करती हूँ। वाक्य का कर्मवाच्य में परिवर्तित सही विकल्प होगा-
(क) फुर्सत में मेरे द्वारा खूब रियाज़ किया जाता है।
(ख) मैंने खूब रियाज किया फुर्सत में।
(ग) मेरे द्वारा खूब रियाज किया जाता है फुर्सत में।
(घ) रियाज होता है खूब मेरे द्वारा।
उत्तर : (क) फुर्सत में मेरे द्वारा खूब रियाज़ किया जाता है। 
 
 49. गीतकारों द्वारा गीतों को सुर दिया जाता है। वाक्य का कर्तृवाच्य में परिवर्तित सही विकल्प होगा-
(क) सुर देते हैं गीतकार गीतों को।
(ख) गीतकार गीतों को सुर देते हैं।
(ग) सुर दिया जाता है गीतकारों द्वारा गीतों को।
(घ) गीतकारों से गीतों को सुर दिया जाता है।
उत्तर : (ख) गीतकार गीतों को सुर देते हैं। 
 
 50. तीन-चार कबूतरों द्वारा अपनी-अपनी लय में एक साथ कूदा जा रहा था। वाक्य का कर्तृवाच्य में रूप होगा-
(क) अपनी-अपनी लय में तीन-चार कबूतरों द्वारा एक साथ कूदा जा रहा था।
(ख) कूदा जा रहा था तीन-चार कबूतरों द्वारा अपनी-अपनी लय में।
(ग) तीन-चार कबूतर अपनी-अपनी लय में एक साथ कूद रहे थे।
(घ) तीन-चार कबूतरों द्वारा एक साथ कूदा जा रहा था अपनी-अपनी लय में।
उत्तर : (ग) तीन-चार कबूतर अपनी-अपनी लय में एक साथ कूद रहे थे।
 
 
 
